सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की सोच




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
भूपतवाला स्थित बीएमडीएवी पब्लिक स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्तराखंड शासन एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी, हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व, सुशासन, शिक्षा, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी सोच और रचनात्मक प्रतिभा को सामने रखा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या लीना भाटिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि नगर निगम हरिद्वार के पार्षद सूर्यकांत शर्मा और विशिष्ट अतिथि सुमित बंसल का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया। प्रधानाचार्या ने अतिथियों को शांति एवं हरियाली के प्रतीक पौधे भेंट किए।

कार्यक्रम के दौरान भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत-2047’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को कागज पर उकेरा। रंगोली प्रतियोगिता में ‘समान अवसर और समावेशी विकास’, ‘स्वच्छ, स्वस्थ एवं सशक्त भारत’, ‘डिजिटल शिक्षा एवं सुशासन’, ‘नशामुक्त समाज-सशक्त समाज’, ‘शिक्षा से विकसित भारत’ तथा ‘सेवा से राष्ट्र निर्माण’ जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047 में युवाओं की भूमिका’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन, डिजिटल भारत और एक सजग नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

प्रधानाचार्या लीना भाटिया ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति और संस्कारों का मूल है। ऐसे अभियान विद्यार्थियों में सेवा भाव, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और सेवाभावी नागरिक तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘मेरा योगदान-मेरा उत्तरदायित्व’ के भाव को आत्मसात करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा 12 की तेजस्विनी, द्वितीय नंदिनी वशिष्ठ और तृतीय स्थान श्लोक ने प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में अनुकृति गुप्ता प्रथम, मदुरा त्यागी द्वितीय और तन्वी तृतीय रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में तनिषा ने प्रथम, साक्षी नेगी ने द्वितीय और गौरांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय स्तर पर निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और कलाकृतियों का मूल्यांकन किया। प्रत्येक प्रतियोगिता से श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की मौजूदगी में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।