लूटी हुई टैक्सी से भाग रहे बदमाशों ने बुजुर्ग को कुचला, स्कूटी सवार की मौके पर मौत








Listen to this article

हरिद्वार।
जनपद के मंगलौर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। लूटी हुई टैक्सी कार से भाग रहे बदमाशों ने तेज रफ्तार में स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलौर क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी के पास तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने स्कूटी सवार 65 वर्षीय अनिल त्यागी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल त्यागी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अनिल त्यागी ग्राम कुआंहेड़ी के निवासी थे और किसी काम से स्कूटी पर जा रहे थे।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कार से हादसा हुआ वह लूटी हुई टैक्सी बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बदमाश कार को घटनास्थल के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।