न्यूज 127, हरिद्वार।
एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर में मंगलवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशाल पुस्तक मेले में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज सहित विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय शुरू होने से हरिद्वार और आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उनके निकट उपलब्ध होंगे। प्रवेश, अध्ययन, परीक्षा, परामर्श और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के लिए विद्यार्थियों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के लिए कौशल संवर्धन और तकनीकी विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करेगा।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय शुरू होने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और पुस्तकों की उपलब्धता को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए जरूरी बताया।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने तथा शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों तक अच्छी पुस्तकें पहुंचाना भविष्य की पीढ़ी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय को हरिद्वार के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया।
निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं डॉ. गिरिजा पांडे ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में विद्यार्थियों को लचीले और वैकल्पिक अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। सहायक निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं डॉ. एम.एम. जोशी ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी तथा आवश्यक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी ने कहा कि प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री और अन्य अकादमिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में क्षेत्रीय कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुस्तक मेले में दिखा विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विशाल पुस्तक मेला रहा। विभिन्न विषयों की पुस्तकों के स्टॉल पर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। विद्यार्थियों ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बावजूद पुस्तकों का महत्व कायम है और निःशुल्क पुस्तकें मिलने से नियमित अध्ययन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. शिवकुमार चौहान ने अतिथियों, विश्वविद्यालय अधिकारियों, महाविद्यालय प्रबंध समिति, प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया।
इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. पल्लवी, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. योगेश सिंघल, तारा सिंह, रुचिता सक्सेना और कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


