प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने ध्वजारोहण कर किया प्रतियोगिताओं का उद्घाटन
न्यूज 127, देहरादून।
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, देहरादून में सोमवार को उत्तराखंड ज़ोनल खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने खेल ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात उपस्थित प्रतिभागियों ने ओजपूर्ण स्वर में ‘डीएवी गान’ गाकर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।

समारोह के दौरान विद्यालय की खेल कप्तान नायशा थापा ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, संयम और नियमों के निष्ठापूर्वक पालन की शपथ दिलाई।

खेल जीवन मूल्यों को विकसित करने का अभिन्न माध्यम
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, निदेशक डॉ. वी. सिंह, प्रबंधक डॉ. अल्पना शर्मा तथा डीएवी क्षेत्रीय प्रमुख पी. सी. पुरोहित का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन के फलस्वरूप ही यह आयोजन संभव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का एक अनिवार्य अंग हैं, जो विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम वर्क, साहस और नेतृत्व क्षमता जैसे मूल्यवान गुण विकसित करते हैं। डीएवी से निकले कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि केवल जीतना ही नहीं, बल्कि अपना सर्वश्रेष्ठ देना और सच्ची खेल भावना बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

756 प्रतिभागी ले रहे हैं हिस्सा
उत्तराखंड ज़ोनल खेलों के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं को आयु वर्ग 14, 17 तथा 19 वर्ष (बालक एवं बालिका) में विभाजित किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 756 खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सुचारू संचालन के लिए आयोजनों को विभिन्न निर्धारित खेल स्थलों पर गरिमापूर्ण एवं भव्य व्यवस्थाओं के साथ संचालित किया जा रहा है।

ज़ोनल खेल परिणाम इस प्रकार है-
डीएवी देहरादून ने 262 स्वर्ण पदक, 61 रजत पदक जीतकर विजय पताका फहराई। डीएवी जगजीतपुर ने 68 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक, डीएवी हल्द्वानी ने 49 स्वर्ण पदक, 32 रजत पदक, डीएवी काशीपुर ने 33 स्वर्ण पदक, 38 रजत पदक, बी.एम डीएवी हरिद्वार ने 27 स्वर्ण पदक, 15 रजत पदक जीते। डीएवी कोटद्वार ने 27 स्वर्ण पदक, 11 रजत पदक, डीएवी बाजपुर ने 21 स्वर्ण पदक, 14 रजत पदक, डीएवी रुद्रपुर ने दो स्वर्ण पदक व दो रजत पदक जीते।

डीएवी देहरादून ने लगभग समस्त खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत का परचम लहराया व विद्यालय को गौरवान्वित किया। इन खेलों में विजयी खिलाड़ी आगामी डी.ए.वी. राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाएँगे। प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने सभी सहायक कर्मियों का धन्यवाद देते हुए उनकी कर्मठता व निष्ठा की प्रशंसा की।



