एमबी पीजी छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संभाली कमान




Listen to this article

न्यूज 127, हल्द्वानी
एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को कॉलेज परिसर अथवा आसपास छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, विवाद खड़ा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार, बैरियर, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए हैं। मोबाइल पुलिस टीमों को लगातार गश्त करने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने को कहा गया है।

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलेज परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। इसकी आड़ में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़, छात्रों को धमकाने, बाहरी अथवा अराजक तत्वों के हस्तक्षेप और किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है और इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।