न्यूज 127, लखनऊ।
सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की कुलसचिव अर्चना गहरवार का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। शासन ने उन्हें केजीएमयू से हटाकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का कुलसचिव नियुक्त किया है।
अर्चना गहरवार के स्थानांतरण की मांग को लेकर केजीएमयू के नर्सिंग छात्र लगातार आंदोलन कर रहे थे। छात्रों की ओर से उन्हें हटाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे थे। इसी बीच शासन की ओर से उनका तबादला किए जाने से विश्वविद्यालय में यह फेरबदल चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, शासन ने एकेटीयू की कुलसचिव रीना सिंह को केजीएमयू का नया कुलसचिव नियुक्त किया है। इस तरह दोनों विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी तबादला आदेश के तहत कुल 15 आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिकारियों को नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक फेरबदल के बीच केजीएमयू में कुलसचिव पद पर हुए बदलाव को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


