न्यूज 127, दौराला (मेरठ)।
एशियाई खेलों में पदक जीतकर देश, प्रदेश और मेरठ का नाम रोशन कर पहली बार अपने गृह नगर पहुंचीं अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं डीएसपी पारुल चौधरी का दौराला मंडल स्थित उनके पैतृक गांव इकलौता पहुंचने पर ग्रामीणों व गणमान्य लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दौराला भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला ने कार्यकर्ताओं के साथ पारुल चौधरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान गांव में जश्न का माहौल रहा और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी सफलता की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर दौराला भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला ने कहा कि पारुल चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल मेरठ और दौराला क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे देश के युवाओं और महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने जो इतिहास रचा है, उस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
कार्यक्रम के दौरान पारुल चौधरी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल करियर की कामना की। पारुल चौधरी ने भी सभी क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों का यह स्नेह और आशीर्वाद उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की ऊर्जा प्रदान करेगा।
इस स्वागत कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष के साथ मंडल महामंत्री रवि पूनिया, मंडल महामंत्री मोहित राणा, मंडल मंत्री मुदित विहान, प्रशांत अहलावत, संदीप विहान, विवेक सैन सहित अनेक स्थानीय प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इससे पहले जापान की धरती पर तिरंगा फहराकर लौटीं देश की रफ्तार क्वीन पारुल चौधरी का काशी टोल प्लाजा पर पहुँचते ही उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
एशियन गेम्स 2026 में 3000 मीटर स्टीपल चेज में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाकर दो-दो कांस्य पदक जीतने वाली पारुल का अपने होम टाउन पहुंचने पर डीजे, आतिशबाजी और गूंजते नारों के साथ ग्रैंड वेलकम किया गया।


