देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में संगठन पदाधिकारियों, विधायकों तथा कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से बूथ एवं पन्ना स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही प्रदेश सरकार के चार वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर ही पार्टी आज देश ही नहीं बल्कि विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त राजनीतिक संगठन बनकर उभरी है।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र सेवा और अंत्योदय के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है तथा देश और समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।




