नेपाल से लापता छठी कक्षा का छात्र हरिद्वार में सकुशल बरामद








Listen to this article


हरिद्वार।
मानवता और पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट हरिद्वार की ऑपरेशन स्माइल टीम ने पड़ोसी देश नेपाल से लापता एक नाबालिग छात्र को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य से एक परिवार की खोई खुशियां लौट आईं और भारत-नेपाल के बीच सहयोग का भी मजबूत संदेश गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले के ग्राम बसामाड़ी निवासी हरिशरण बतोला का पुत्र सोहन बतोला, जो कि छठी कक्षा का छात्र है, 29 मार्च 2026 से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
इसी बीच नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के माध्यम से जिला प्रहरी कार्यालय हेटौड़ा द्वारा हरिद्वार पुलिस से सहयोग का अनुरोध किया गया। इस पर एएचटीयू हरिद्वार की ऑपरेशन स्माइल टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने नेपाली भाषा जानने वाले विशेषज्ञों की मदद से बालक की काउंसलिंग कराई और विभिन्न मल्टीमीडिया माध्यमों के जरिए नेपाल तक सूचना प्रसारित की।
साथ ही नेपाल की संस्थाओं Duras Expresmail और माहिती नेपाल से संपर्क स्थापित किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 12 अप्रैल 2026 की रात टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली, जब नेपाल के हेटौड़ा थाने से संपर्क कर बालक की गुमशुदगी की पुष्टि हुई।
इसके बाद स्थानीय पुलिस और संस्थाओं के सहयोग से बालक के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन जहां अपने बेटे के मिलने की खुशी से भावुक थे, वहीं हरिद्वार में उसकी स्थिति को लेकर चिंतित भी थे। नेपाल पुलिस के अनुरोध पर सोहन के पिता हरिशरण बतोला को हरिद्वार बुलाया गया, जहां ऑपरेशन स्माइल टीम ने उन्हें रेलवे स्टेशन पर रिसीव किया।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद, बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेशानुसार बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इसके पश्चात दोनों को सुरक्षित रूप से हरिद्वार बस स्टेशन से नेपाल के लिए रवाना किया गया।
अपने बेटे से मिलकर हरिशरण बतोला की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर संतोष की मुस्कान साफ झलक रही थी। उन्होंने हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं नेपाल पुलिस के अधिकारियों ने भी हरिद्वार पुलिस की तत्परता, मानवीय दृष्टिकोण और उत्कृष्ट समन्वय की खुलकर सराहना की।
ऑपरेशन स्माइल टीम, हरिद्वार: मुख्य आरक्षी राकेश कुमार, मुख्य आरक्षी बीना गोदियाल, आरक्षी दीपक चंद, महिला आरक्षी शशिबाला