न्यूज 127, देहरादून
रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गंगोल पंडितवाड़ी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में गंगोल पंडितवाड़ी, गल्जवाड़ी, गजियावाला एवं बिष्टगांव ग्राम पंचायतों के लिए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 152.99 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 54.32 लाख रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण किया गया। ये सभी कार्य विधायक निधि, मंडी परिषद एवं एमडीडीए के माध्यम से स्वीकृत किए गए हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार “जनता की सरकार, जनता के द्वार” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता के प्रति होती है और इसी भावना के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के निकट लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। इसके साथ ही घट्टीखोला पुल निर्माण एवं किमाड़ी मार्ग निर्माण की भी घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान के नाम पर राजनीति की जा रही है, जिसे जनता भलीभांति समझती है।
प्रमुख विकास कार्यों का विवरण
– एमडीडीए के अंतर्गत 114.75 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
– गल्जवाड़ी में 09.22 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन के पीछे सुरक्षा दीवार एवं गार्ड रूम का लोकार्पण किया गया। – मंडी परिषद के तहत गंगोल पंडितवाड़ी की हरिजन बस्ती में भरानी नदी किनारे 16.28 लाख रुपये की सुरक्षा दीवार का लोकार्पण हुआ।
– गजियावाला में 28.46 लाख रुपये की लागत से टिन शेड की सुरक्षा हेतु चारदीवारी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
– विधायक निधि के अंतर्गत कई कार्यों में गल्जवाड़ी में सुरक्षा दीवार एवं मिट्टी भरान, गजियावाला में सीसी मार्ग निर्माण एवं आंतरिक मार्ग, गंगोल पंडितवाड़ी में सुरक्षात्मक कार्य, इन्द्रानगर में बाढ़ नियंत्रण तटबंध तथा गजियावाला में सामुदायिक हॉल निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही बिष्टगांव में सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, पूनम देवी रेगमी, भारती जवाडी, मंडल महामंत्री किरन, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष नीतू जुयाल, सीमा पुंडीर, किशन पुंडीर, पूर्व प्रधान लीला शर्मा, अभिषेक रावत, सपना मल्ल, माया राणा, पूर्व बीडीसी सदस्य ज्योति ढकाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




