न्यूज 127, श्रीनगर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीयंत्र टापू में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए क्षेत्रवासियों को करोड़ों की विकास सौगातें दीं। श्रीनगर पहुंचने पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के उमड़े जनसैलाब ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹9.13 करोड़ की लागत वाली कुल 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए करीब नौ साल बाद शहर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया और पार्षदों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, उन्होंने पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनके एकाग्र प्रयासों से ही अखंड भारत की नींव पड़ी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश को विकास और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ा रही है। चारधाम ऑल वेदर सड़क और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीनगर इन सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का केंद्र बन रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका, सड़क व नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसी कई नागरिक सुविधाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब वे कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच जाकर आत्मीय संवाद किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


