उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में आई 24वीं किस्त, सीएम धामी ने दी बधाई




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सर्वे ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला, देहरादून में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹18,690 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की। इसके अंतर्गत उत्तराखंड के भी 8 लाख 08 हजार से अधिक लाभार्थी किसानों के खातों में ₹161.96 करोड़ की सम्मान निधि भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में योजना की शुरुआत के समय उत्तराखंड के लगभग चार लाख किसान लाभान्वित हुए थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर आठ लाख से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राज्य सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में नहरों से सिंचाई को पूरी तरह निःशुल्क कर दिया गया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में ₹200 करोड़ का प्रावधान किया गया है तथा लगभग ₹115 करोड़ के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती की चुनौतियों से निपटने के लिए ₹1,000 करोड़ की लागत से ‘उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट’ को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा फल उत्पादन और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए नई सेब, कीवी व ड्रैगन फ्रूट नीति के साथ-साथ ‘स्टेट मिलेट मिशन’ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह योजना किसानों की कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलियन जैसी सुगंधित फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित कर रही है। कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।