न्यूज 127, उत्तरकाशी।
राष्ट्रीय एकता दिवस के गौरवशाली अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/पीएसी उत्तराखण्ड, सुनील कुमार मीणा की गरिमामय उपस्थिति में एक भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का शानदार प्रदर्शन किया। आईजी महोदय ने परेड की सलामी ली और उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय समेत तीन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसपी कमलेश उपाध्याय (गोल्ड डिस्क), मुख्य आरक्षी बीना चौधरी (सिल्वर डिस्क) और आरक्षी लायवर सिंह (सिल्वर डिस्क) शामिल रहे।
परेड के उपरांत आईजी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस सम्मेलन आयोजित कर कर्मियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मसीह दिलासा स्कूल के छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिन्हें आईजी द्वारा सम्मानित किया गया। पुलिस परिवार के बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
इस भव्य आयोजन में एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, डीएसपी जनक सिंह पंवार सहित जनपद के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर, राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम हुए, जिसमें बड़कोट कोतवाली पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों के साथ ‘रैली फॉर यूनिटी’ निकालकर नागरिकों को नशा, महिला व साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।


