न्यूज 127, देहरादून।
पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और बुडपुर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाश घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना के संबंध में जानकारी ली। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के इरादे से ही क्षेत्र में निकले थे।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। दोनों पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ हरिद्वार व देहरादून में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। इनमें समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज बताए गए हैं, जबकि शहजाद पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, पूर्व में की गई वारदातों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


