प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे मिले नोटों से भरे तीन नीले ड्रम, चार हिरासत में




Listen to this article

न्यूज 127, प्रयागराज।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बरईपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मकान के नीचे जमीन में गड़े हुए नोटों से भरे तीन नीले ड्रम मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इन ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची टीमों ने जमीन की खुदाई कर ड्रमों को बाहर निकाला और नकदी की गिनती शुरू की। शुरुआती गिनती के दौरान अब तक करीब 4 करोड़ रुपये गिने जा चुके हैं। वहीं, अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि तीनों ड्रमों की पूरी रकम गिनी गई, तो यह आंकड़ा 10 करोड़ से भी अधिक तक पहुंच सकता है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक कुल बरामद राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी भारी-भरकम नकदी जमीन के भीतर किस उद्देश्य से और किसकी शह पर छिपाई गई थी। इसके साथ ही, आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियां भी इस अकूत संपत्ति के स्रोत (सोर्स ऑफ फंड) की तह तक जाने में जुटी हैं। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव के मकान में चोरी के रुपये जमीन में गाड़े गए हैं। सूचना पर एडीसीपी गंगापार पुष्कर वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। तलाशी के दाैरान पुलिस को जमीन गाड़े गए तीन ड्रम मिले। इसमें 500-500 नोटों की गड्डियां मिलीं। पुलिस ने आयकर समेत अन्य संबंधित विभागों को सूचना देते हुए रुपये सील कर दिए। बृहस्पतिवार को रुपयों की गिनती की गई।