न्यूज 127, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रदेश के नौ जिलों में तैनात 10 थानाध्यक्षों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में लखनऊ, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, एटा, आगरा, प्रतापगढ़, बदायूं, बिजनौर और मथुरा के थाना प्रभारी शामिल हैं।
जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी ने संबंधित मामलों में तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
पुलिस महकमे में हुई इस कार्रवाई को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अब संबंधित जिलों में शिकायतों पर की गई कार्रवाई और उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा महत्वपूर्ण होगी।


