पुलिस से अभद्रता पड़ी भारी: कार सहित अभियुक्त गिरफ्तार








Listen to this article

हल्द्वानी/नैनीताल
जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले एक अभियुक्त को कार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ के पास एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिस पर काली फिल्म लगी हुई थी।
चालान की कार्रवाई के दौरान कार चालक ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद लोकसेवकों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” जैसी गंभीर धमकियां दीं। इतना ही नहीं, पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए वह मौके से कार लेकर फरार हो गया।

मुकदमा दर्ज, पुलिस ने दिखाई तत्परता
इस गंभीर घटना के बाद उप-निरीक्षक आरती की तहरीर पर 11 मई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 351(2)(3) और 352 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से फरार अभियुक्त की तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस ने आरोपी लवजीत सिंह निवासी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार (UK 18B 1989) को भी कब्जे में ले लिया गया है।
एसएसपी का कड़ा संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हल्द्वानी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति बड़ा नहीं है। पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।