रांग साइड ड्राइविंग पर पहली बार मुकदमा दर्ज, वाहन सीज








Listen to this article

पथ प्रवाह, ऊधमसिंहनगर
जनपद ऊधमसिंहनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ऐतिहासिक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशों के क्रम में पहली बार राज्य में विपरीत दिशा (Wrong Side) में वाहन संचालन करने वाले चालक के खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज किया गया है तथा वाहन को सीज कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी रोड स्थित सिडकुल पंतनगर क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कंटेनर चालक को रांग साइड में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तुरंत रोककर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

पुलिस द्वारा वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर कोतवाली पंतनगर लाया गया। साथ ही चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अब तक Wrong Side ड्राइविंग के मामलों में सामान्यतः चालान की कार्रवाई की जाती थी, लेकिन इस बार इसे आपराधिक श्रेणी में लेते हुए सख्त कदम उठाया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “विपरीत दिशा में वाहन चलाना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन को खतरे में डालना है। ऐसे मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।