न्यूज 127. रामनगर/नैनीताल।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने देर रात सटीक रणनीति के तहत छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
एसएसपी के निर्देशन में SOG टीम और पुलिस लाइन फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में रिसॉर्ट से कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार, ये युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से लाई गई थीं और लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में जबरन संलिप्त कराई जा रही थीं।
छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट स्टाफ की मिलीभगत उजागर हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे कोतवाली रामनगर में एसएसपी मंजूनाथ टीसी द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
रिसॉर्ट में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, एसएसपी मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन




