एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, अतिक्रमण तत्काल हटाने के दिये निर्देश








Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर ने आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्रान्तर्गत चीतल पुल, गंगनहर पुल, अलकनन्दा पुल के कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था/सुरक्षा व्यवस्था/सीसीटीवी कैमरे/ कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा प्रकाश व स्वच्छता की समुचित व्यवस्था हेतु सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस दौरान अभिषेक सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, संजय कुमार वर्मा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मुजफ्फरनगर एवं अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद मुजफ्फरनगर एवं अन्य पुलिस बल के साथ थाना मंसूरपुर, नई मण्डी क्षेत्र में पड़ने वाले सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं प्रमुख चौराहों/तिराहों/बागोवाली कट का निरीक्षण किया गया जहाँ सुरक्षा प्रबंधनों और बैरिकेडिंग की स्थिति को देखा गया। संवेदनशील स्थलों/ दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों को तत्परता से चिन्हित कराकर यथाशीघ्र सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित करके आवश्यक कार्यवाही कराते हुये उनका निराकरण कराने के निर्देश दिये। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24×7 निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गंग नहर पटरी और मुख्य मार्गों पर कांवड़ियों के लिए एकतरफा सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने तथा भारी वाहनों के समयबद्ध डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू कराने हेतु सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

इसके पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ के द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर, जिलाधिकारी, जनपद मुजफ्फरनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद मुजफ्फरनगर एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में समीक्षा गोष्ठी की गयी, जिसमें अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा करते हुए गोष्ठी में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का व्यापक उपयोग किया जाए तथा भारी व हल्के वाहनों के लिए समय रहते एक सुदृढ़ रूट डायवर्जन प्लान लागू कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि स्थानीय जनता को कोई असुविधा न हो।

असामाजिक व शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त निरोधात्मक कार्यवाही करने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करने और कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों व ढाबों पर रेट लिस्ट व स्वच्छता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 में लगाये जाने वाले समस्त पुलिस बल को शिव भक्तों व आम जनता के साथ अत्यंत शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने/ पूरी संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने हेतु सर्व-सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।