पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद चंद्रशेखर को सिवाया टोल प्लाजा पर रोका, पीड़ित परिवार से मिले








Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
अनुसूचित जाति की छात्रा हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। सांसद के आने की सूचना पर सुबह से ही टोल प्लाजा को छावनी में तब्दील किया गया था।

इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने कई घंटे की गहमागहमी के बाद पीड़ित परिवार को सिवाया टोल प्लाजा स्थित नियंत्रण कक्ष बुलाया, जहां सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मृतका की मां और बहन से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार मौजूद रहे। सांसद ने परिवार को हरसंभव सहायता और न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया।

इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने दलित समाज के लोगों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दलित समाज के लोगों की पिटाई किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं कही जा सकती। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को लोगों के साथ मारपीट करने का अधिकार किसने दिया। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले को प्रमुखता से संसद में उठाएंगे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर ने कहा कि वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे और इस मामले को दबने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय मिलना चाहिए।