न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच समय बिताकर आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बेहद स्नेह और अपनत्व के साथ मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रतिभा एवं क्षमताओं को प्रोत्साहित किया। इस दौरान संस्थान का वातावरण आत्मीयता और खुशी से भरा रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार के प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौती पार
मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की प्रत्येक चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है। उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहन और विश्वास देने की आवश्यकता है। इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।




