न्यूज 127, हरिद्वार।
त्योहारों की खुशियों और सच्चे पारिवारिक मूल्यों को चरितार्थ करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह दीपावली के पावन अवसर पर अपनी माता जी के साथ रावलीमहदूद स्थित ‘वरिष्ठ नागरिक गृह’ पहुंचे। वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान एसएसपी ने वृद्धजनों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा वहां के प्रबंधक से उनके स्वास्थ्य की समय-समय पर देखरेख और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अपने बीच अचानक एसएसपी हरिद्वार को पाकर वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें अपना भरपूर आशीर्वाद दिया।
एसएसपी की इस संवेदनशील पहल ने समाज में एक सुंदर संदेश दिया है कि सच्ची खुशियां हमेशा अपनों के बीच और बुजुर्गों के आशीर्वाद में ही बसती हैं। इस अनूठी मुलाकात से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अपनेपन का अहसास हुआ और उनका यह त्योहारी दिन बेहद खास बन गया।


