न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को लगातार सुदृढ़ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में अनुच्छेद 370 हटाने, सीएए और नए आपराधिक कानूनों जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई से देश में विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। साथ ही, ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान से किसानों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं।
उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ मिलने पर गर्व व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य विकास के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, खनन सुधारों के लिए 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार और मत्स्य विकास में हिमालयी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ राज्य का सम्मान मिला है। पर्यटन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी प्रदेश को कई राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश की जीएसडीपी लगभग 3 लाख 82 हजार करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय लगभग 2 लाख 74 हजार रुपये और आर्थिक वृद्धि दर करीब 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से अधिक है। कुछ ताकतों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता विकास और सुशासन के साथ है और भ्रम फैलाने वालों से प्रभावित नहीं होगी। सरकार देवभूमि के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


