न्यूज 127, हरिद्वार।
धर्मनगरी में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख सीपी नौटियाल को उनके ही चालक ने गोली मार दी। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चालक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से सीपी नौटियाल घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल अधिकारी को हरिद्वार के बंगाली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर उपचार और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें एम्स रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल दोनों के बीच विवाद के कारणों और गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की आधिकारिक जांच और बयान के बाद ही इस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो पाएगा।


