न्यूज 127, हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और जनता से निरंतर संवाद के बल पर ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित विचारधारा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है, जबकि उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार से सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और रोजगार के क्षेत्रों में तेज काम हो रहा है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।
श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून लाने, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से रोजगार देने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भर हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए अर्थव्यवस्था, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर काम जारी है। युवा, महिला व किसान मोर्चा सहित सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में एकजुटता व समर्पण से जनता का विश्वास और मजबूत होगा। बैठक में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद व प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा, वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


