न्यूज 127, हरिद्वार।
2027 के विधानसभा चुनावों में हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक से पूर्व संयुक्त मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू हुई। बैठक का उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर किया। प्रथम सत्र में मोर्चों व प्रकोष्ठों ने वर्तमान तथा आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रत्येक मोर्चे को एक लाख से अधिक नए सदस्य जोड़ने पर काम करना है और सदस्यता अभियान को जिला, मंडल व बूथ स्तर तक ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता पार्टी के अग्रिम सिपाही हैं और हर बूथ जीतने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। शीघ्र निकलने वाली जनआशीर्वाद यात्रा में महिलाओं, युवाओं, पिछड़े वर्गों व किसानों को बड़ी संख्या में जोड़ने का आह्वान भी किया गया। संबोधन के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में सातों मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों ने भाग लिया। हर मोर्चा एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ेगा और युवाओं व महिलाओं की सदस्यता संबंधित मोर्चों के माध्यम से कराई जाएगी। दिसंबर अंत तक सभी मंडलों की बैठकें पूरी होंगी, सामाजिक संवाद, नुक्कड़ सभाएं, महिला चौपाल और एससी, एसटी व ओबीसी समाज के बीच कार्यक्रम होंगे, जबकि गढ़वाल व कुमाऊं में किसान मोर्चा के बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश सह प्रभारी व सांसद बांसुरी स्वराज ने बताया कि 19 जिलों के लिए अन्य राज्यों से जिला विस्तारक आए हैं और चुनाव में भाजपा को हैट्रिक का आशीर्वाद मिलने का विश्वास जताया। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रभारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।


