न्यूज 127, हरिद्वार।
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विकास भवन सभागार में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ की सीईओ प्रियंका शुक्ला ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर भी उपस्थित रहीं।
बैठक का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, उन्हें नशे से दूर रखना और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्य वक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इस अभियान के जरिए युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा राष्ट्र की ताकत और भविष्य की नींव हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, खेल, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ परिवार व समाज पर भी बुरा असर डालती है, इसलिए जागरूकता जरूरी है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि नशे का प्रभाव व्यक्ति के जीवन के साथ उसके परिवार और सामाजिक परिवेश पर भी पड़ता है। युवाओं को नशे से बचते हुए अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहकर नशा मुक्त समाज बनाने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में आयुष, राहुल कुमार, आदित्य चौहान, रोशन और मनोज चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने खेल, शिक्षा, रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने तथा व्यापक जनजागरूकता चलाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई कि वे किसी भी मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इससे दूर रखेंगे। साथ ही परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर राहुल डबराल, अविनाश सिंह सहित अनेक युवा-युवतियां और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


