न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखण्ड में कानून व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन को लेकर राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सरकार के पांच साल के रिपोर्ट कार्ड के विमोचन के दौरान इन निर्णयों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और कानून के शासन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कानूनों में बदलाव किए हैं।
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस कानून में गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया तथा दंगारोधी कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने भू-कानून को लेकर कहा कि प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य के बाहर के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है।
प्रशासनिक व्यवस्था को आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में सरकार द्वारा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान संचालित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को जनता के करीब लाने का प्रयास किया गया है। आगामी माह में भी इसके तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं।
उन्होंने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित हो रही है और हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य गतिमान है। प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने, केदारनाथ क्षेत्र में 15 हजार से अधिक लोगों के रेस्क्यू और थराली एवं हर्षिल में राहत-बचाव कार्यों को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र से 461 करोड़ रुपये तथा आपदा न्यूनीकरण के लिए 113.90 करोड़ रुपये की सहायता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिक का विश्वास मजबूत करना है।


