News127, नैनीताल।
“मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान व एसओजी प्रभारी मोहन सौन के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। 24 नवंबर को कैनाल रोड, काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 10 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32) पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे, काठगोदाम को पकड़ा गया। उसके खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में एफआईआर संख्या 144/26, एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पहले वह ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन इन दिनों नौकरी न होने के कारण अधिक पैसे कमाने के लालच में बनभूलपुरा के रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी टीम में सीओ विमल प्रसाद, निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार और एसओजी व काठगोदाम पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।


