न्यूज 127, हरिद्वार।
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय मॉडल महाविद्यालय, मीठीबेरी लालढांग में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय स्टाफ को जनगणना के महत्व तथा ऑनलाइन पोर्टल पर परिवार का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य अर्चना गौतम ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय विकास की आधारशिला है। इसी से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक होने के साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने और इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग देने की अपील की।
जिला फील्ड ट्रेनर डॉ. शिवा अग्रवाल ने कहा कि जनगणना केवल गिनती नहीं, बल्कि देश के वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्वरूप को समझने और भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 में स्व-गणना की सुविधा डिजिटल व्यवस्था की ओर अहम कदम है, जिससे नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से परिवार, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जिला प्रशिक्षक रवि कुमार गोस्वामी और शरद भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं व स्टाफ को स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने पोर्टल में लॉगिन करने, आवश्यक विवरण भरने, परिवार से जुड़ी जानकारियां दर्ज करने और प्रक्रिया पूरी करने के चरणों को विस्तार से समझाया। प्रशिक्षकों ने कहा कि इससे जनभागीदारी बढ़ेगी और जागरूकता का व्यापक प्रसार होगा। सत्र के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर प्रो. सत्येंद्र कुमार, निवेदिता प्रियदर्शिनी, डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. विनोद उनियाल, डॉ. बी. आर. भट्टी, डॉ. शशिधर, पूनम और सूरज समेत अन्य शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में सहयोग करने और आसपास के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।


