न्यूज 127, हरिद्वार।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार (26 नवंबर 2026) को एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशों पर पुलिस कार्यालय समेत जनपद की सभी कोतवाली, थानों, शाखाओं और कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल्यों की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद, हरिद्वार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसपी क्राईम/ट्रैफिक निशा यादव ने अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जवानों को शपथ दिलाई। उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व और नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन पर इसके प्रभाव पर प्रकाश डाला।
एसपी क्राईम निशा यादव ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा और हर नागरिक के अधिकारों का कवच है। उन्होंने जवानों को नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक अधिकारों की रक्षा करने तथा कानून के दायरे में रहकर संवेदनशीलता के साथ कर्तव्य निभाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में संवैधानिक मूल्यों का पालन जनविश्वास को और मजबूत करता है।
जनपद के विभिन्न थानों, कोतवालियों और शाखाओं में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों के पालन का वचन लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल में कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों के संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।


