चारधाम यात्रा में पहुंचे 65 लाख से अधिक श्रद्धालु, कुंभ के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की व्यवस्था




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए पर्यटन, किसान कल्याण, ग्रामीण विकास और खेल क्षेत्र की उपलब्धियां सामने रखीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। यात्रा से स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों, परिवहन संचालकों और अन्य रोजगार से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। सरकार अब शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित कर रही है, ताकि वर्षभर धार्मिक पर्यटन की गतिविधियां संचालित हो सकें।

उन्होंने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है तथा 100 ट्रैकिंग और हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। योग, वेलनेस और वेडिंग डेस्टिनेशन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी नीतियां बनाई गई हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक तथा नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

किसान कल्याण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस निर्माण में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

ग्रामीण विकास और पलायन रोकथाम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 गांवों में 270 करोड़ रुपये की लागत से करीब 200 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

खेलों के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीते। हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में काम किया गया है। प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष 920 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पात्र खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, कृषि, ग्रामीण स्वरोजगार और खेल गतिविधियां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के महत्वपूर्ण आधार हैं। सरकार इन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाकर रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।