संविधान दिवस: अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का बोध भी जरूरी- त्रिवेंद्र सिंह रावत




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
दून विश्वविद्यालय में गुरुवार को अम्बेडकर चेयर पीठ की ओर से भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध होना आवश्यक है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत, हरियाणा के डॉ. करण कटारिया उपस्थित रहे। अध्यक्षता दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने की। मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। संविधान के मूल्यों का सम्मान करना और उनके अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान में समय और परिस्थितियों के अनुरूप जनहित में संशोधन किए जाते रहे हैं। हालांकि जब कभी सार्वजनिक हित के बजाय निजी हितों को ध्यान में रखकर संविधान में बदलाव के प्रयास हुए, तब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय सुनाया और सरकारों को बदलकर जवाब दिया।

मुख्य वक्ता डॉ. करण कटारिया ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिक अधिकारों का आधार है। इसके मूल सिद्धांतों को समझना और दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है।

कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संविधान को भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल शैक्षणिक ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है।

कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। आयोजन के अंत में छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एचसी पुरोहित ने किया। प्रो. आशीष कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. एसएस सुथार, प्रो. चेतना पोखरियाल, डॉ. दीपक भट्ट, प्रो. रीना सिंह, प्रो. सुनीत नैथानी, डॉ. अचलेश दावरे, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. प्राची पाठक, डॉ. हिमानी शर्मा, डॉ. अंकित नागर सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र परिषद के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।