हरिद्वार में 21 किलोमीटर लंबे पॉड टैक्सी कॉरिडोर को कैबिनेट की मंजूरी




Listen to this article

हरिद्वार दर्शन’ परियोजना में बनेंगे 21 स्टेशन, सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर का सबसे बड़ा कॉरिडोर

News127, देहरादून।
धर्मनगरी हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में धामी मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कैबिनेट ने पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी की ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर निर्णय लिया है। प्रस्तावित परियोजना के तहत शहर में तीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इन पर 21 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

परियोजना के तहत पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर होगी और इस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक होगा, जिसकी लंबाई 3.10 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या चार प्रस्तावित है।

तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर दो स्टेशन बनाए जाने की योजना है। तीनों कॉरिडोर को मिलाकर कुल 21.08 किलोमीटर का नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता बताई गई है। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त निर्माण सामग्री, मशीनरी, औजार और अन्य कार्यों के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि की आवश्यकता होगी। इस भूमि को प्रस्तावित पीआरटी डिपो, सीतापुर के समीप चिह्नित किया गया है।

पॉड टैक्सी परियोजना का उद्देश्य हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन के लिए एक अलग ग्रिड विकसित करना है। इससे शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन को व्यवस्थित करने की योजना है।

धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हरिद्वार में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह परियोजना भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। हालांकि परियोजना के धरातल पर उतरने के लिए भूमि संबंधी औपचारिकताओं और निर्माण की आगामी प्रक्रियाओं पर भी नजर रहेगी।