11वीं पास युवक बना फर्जी डॉक्टर, जाली डिग्रियों के सहारे बड़े अस्पतालों में करता रहा मरीजों का इलाज




Listen to this article

फर्जी एमबीबीएस, एमडी और डीएमआरडी डिग्रियों से हासिल किया मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण, दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों तक पहुंचा मामला; राजस्थान एसओजी ने अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश

News127जयपुर। चिकित्सा जैसे संवेदनशील पेशे में फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर लोगों को डॉक्टर बनाकर अस्पतालों तक पहुंचा रहा था। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि गिरोह के जरिए कथित तौर पर डॉक्टर बना करौली निवासी रामकिशोर महावर की शैक्षणिक योग्यता महज 11वीं पास बताई जा रही है। इसके बावजूद उसने फर्जी एमबीबीएस, एमडी (स्त्री रोग) और डीएमआरडी की डिग्रियों के सहारे बड़े अस्पतालों में काम किया।

नर्सिंग होम से दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों तक पहुंचा सफर

जांच के अनुसार, रामकिशोर ने वर्ष 2016 से 2022 तक दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया। इसके बाद बालोतरा और बयाना के निजी अस्पतालों में डॉक्टर के सहायक तथा अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करने का काम किया। अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 के बीच वह दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में वार्ड बॉय और नर्सिंग असिस्टेंट के रूप में कार्यरत रहा। आरोप है कि इसी दौरान उसने पिछली तारीखों में तैयार कराई गई फर्जी मेडिकल डिग्रियां हासिल कीं।

मामला यहीं नहीं रुका। जून 2025 में वह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के पद पर भी पहुंच गया। इस तरह कथित फर्जी डिग्रियों के सहारे उसने चिकित्सा व्यवस्था के विभिन्न स्तरों पर अपनी पहचान डॉक्टर के रूप में स्थापित कर ली।

मेडिकल काउंसिल में भी करा लिया पंजीकरण

जांच में सामने आया है कि रामकिशोर ने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण संख्या 33624 के आधार पर अपना पंजीकरण कराया था। इसके अलावा महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में भी पंजीकरण कराने का मामला सामने आया है। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि बिना वास्तविक चिकित्सा शिक्षा और मान्य डिग्री के वह इन संस्थागत प्रक्रियाओं से कैसे गुजरता रहा।

पांच राज्यों तक फैला था फर्जी डिग्रियों का नेटवर्क

राजस्थान एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, इस अंतरराज्यीय गिरोह का नेटवर्क दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था। गिरोह केवल फर्जी डिग्रियां तैयार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि सत्यापन प्रक्रिया को धोखा देने के लिए कथित तौर पर जाली दस्तावेजों को संबंधित विश्वविद्यालयों की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी अपलोड कर देता था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, यह गिरोह अब तक करीब 300 लोगों को फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करा चुका है। मामले में रामकिशोर महावर सहित सत्यजीत, मनीष और खुर्रम नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

यह मामला केवल फर्जी डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सा संस्थानों में नियुक्ति, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन और मेडिकल काउंसिल के पंजीकरण की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। जिस पेशे में एक छोटी-सी लापरवाही मरीज की जान पर भारी पड़ सकती है, वहां फर्जी योग्यता के आधार पर किसी व्यक्ति का चिकित्सकीय जिम्मेदारी तक पहुंचना बेहद चिंताजनक है।