धामी की चार बड़ी घोषणाएं, शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षित होंगे आपदा मित्र, News127देहरादून |
उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसी घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चार अहम फैसलों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आमजन को आपदाओं से निपटने के लिए जागरूक और प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था लागू करने की घोषणा की। प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को नियमित रूप से आपदा से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री ने आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की। सरकार का उद्देश्य ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करना है, जो संकट के समय बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की जान बचाने और सहायता पहुंचाने के लिए आगे आते हैं।
सिलक्यारा अभियान से मिली बड़ी सीख
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य, तकनीकी क्षमता और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। लगभग 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां आपदा प्रबंधन को चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। इसलिए पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावितों तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील प्रदेश में नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका तथा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, आधुनिक तकनीक, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।


