पौड़ी जिला चिकित्सालय में बढ़ेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं




Listen to this article

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ की बैठक

News127, पौड़ी।
जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा एवं जांच उपकरणों की स्थिति, उनकी कार्यक्षमता, नए उपकरणों की आवश्यकता और खराब मशीनों को बदलने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की दर कम करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में चिकित्सकों ने बताया कि करीब चार माह पूर्व उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर से प्रतिदिन लगभग 50 नेत्र रोगियों को लाभ मिल रहा है। चिकित्सकों ने ईसीजी और ऑपरेशन थिएटर के लिए ओटी टेबल उपलब्ध कराने पर भी जिलाधिकारी का आभार जताया।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों से विभागवार आवश्यक उपकरणों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन उपकरणों की तत्काल आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार किए जाएं। जिला स्तर पर खरीदे जा सकने वाले उपकरणों की खरीद शीघ्र की जाए, जबकि अधिक लागत वाले उपकरणों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं। उन्होंने पुराने और खराब उपकरणों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने की प्रक्रिया भी प्राथमिकता से पूरी करने को कहा।

बैठक में एनेस्थीसिया विभाग के लिए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन और पैरामॉनिटर, स्त्री रोग विभाग के लिए ए-स्कैन मशीन तथा ईएनटी विभाग के लिए ईयर सर्जिकल ड्रिल, ओएई मशीन, टिम्पेनोमेट्री मशीन और एंडोस्कोपी यूनिट उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे, लैप्रोस्कोपिक मशीन, सीआर मशीन और पावर ड्रिल मशीन की व्यवस्था करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने खराब पड़े बायोकेमिकल एनालाइजर को ठीक कराने तथा फेको मशीन के स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी (एफएनएसी) जांच की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को इस जांच के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।

ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी की सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने सीएमएस को एक अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था करने तथा लैब टेक्नीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ड्यूटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को जांच और उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में स्थापित सभी चिकित्सा एवं जांच उपकरणों का नियमित निरीक्षण और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी उपकरण में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए, जिससे मरीजों की जांच और उपचार प्रभावित न हों। उन्होंने सीएमएस को प्रत्येक माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं और उपकरणों की कार्यक्षमता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. हितेन जंगपांगी, डॉ. संजय त्यागी, डॉ. आनंद खंकरियाल, डॉ. रूपा, डॉ. निहारिका बिष्ट, डॉ. सोनाली जोशी, डॉ. अश्विनी चौहान, डॉ. गौरव रूंगटा, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. संदीप कुमार और डॉ. अगम कांत सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।