हादसे में युवक का शव क्षत-विक्षत, पुलिस ने ट्रक और स्कूटी कब्जे में ली
News127, हरिद्वार।
केशव आश्रम के पास शुक्रवार को ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कंट्रोल रूम को आरटी सेट के माध्यम से केशव आश्रम के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक नवीन चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि एक ट्रक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी। हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रवीण पुत्र मंगल सिंह सैनी निवासी रामकृष्ण मिशन रोड, नई बस्ती, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी संख्या UK08 AH 4279 और ट्रक संख्या HP58C 3481 को कब्जे में लेकर चौकी रोड़ी बेलवाला में खड़ा करा दिया है। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


