अल्मोड़ा में राज्य स्तरीय अंडर-21 फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, उद्घाटन मैच में अल्मोड़ा ने नैनीताल को हराया




Listen to this article

News127, अल्मोड़ा।
हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम में शुक्रवार को अनुसूचित जाति बालक वर्ग की राज्य स्तरीय आमंत्रण अंडर-21 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल और जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य, उत्तराखंड फुटबॉल एसोसिएशन व जिला फुटबॉल संघ के समन्वय और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 29 नवंबर तक चलेगी।
प्रतियोगिता में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, पौड़ी, मुनस्यारी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा की आठ टीमें नॉकआउट पद्धति से प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। रोमांचक उद्घाटन मुकाबले में अल्मोड़ा ने नैनीताल को पेनल्टी शूटआउट में 1-0 से शिकस्त दी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं, जहां अल्मोड़ा से अक्षत व वैभव तथा नैनीताल से अंश आर्या व मयंक ने गोल दागे। शूटआउट में गौरव के गोल ने अल्मोड़ा को जीत दिलाई। दूसरे मैच में रुद्रप्रयाग ने पौड़ी को 2-1 से हराया, जिसमें मोहित और आयुष ने रुद्रप्रयाग के लिए गोल किए।
मुकाबलों में फुटबॉल प्रशिक्षक मनीष कनवाल, सूरज गोस्वामी, पीयूष सैनी, राकेश और दीपक कठायत ने निर्णायक की जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विनीत बिष्ट और दर्शन रावत सहित कई गणमान्य नागरिक व खेल प्रेमी मौजूद रहे।