सोनू चौधरी
कार में कक्षा 11 की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने से हड़कंप मच गया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर जांच पड़ताल कर आरोपी युवक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की उस कार को भी बरामद कर लिया है जिसमें छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह केएमसी अस्पताल की ओर से एक मीमो थाना टीपीनगर को मिला। मीमो के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल की तो पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस के मुताबिक छात्रा के परिजनों ने उसकी तबियत खराब होने पर शुक्रवार की देर शाम केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया था।
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक पूछताछ में परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी ताइक्वांडों सीख रही है। शुक्रवार शाम को वह अपनी स्कूटी को खड़ा कर वहीं प्रैक्टिस करने वाले एक लड़के के साथ उसकी कार में चली गई थी। देर शाम वह वापस घर आयी और अपनी तबियत खराब होने की जानकारी दी। जिसके बाद से केएमसी में भर्ती कराया गया। बाद में जब पुलिस ने पूछताछ की तब छात्रा ने अपने साथ कार में दुष्कर्म किये जाने की जानकारी दी। इस मामले में पुलिस ने तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस कार को भी अपने कब्जे ले लिया गया जिसमें दुष्कर्म हुआ। आरोपी युवक एक पार्टी का कार्यकर्ता बताया गया लेकिन पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में पता चला है कि युवक का उस पार्टी से संबंध नहीं जिसका झंडा उसने अपनी कार पर लगा रखा था। हालांकि इस बारे में अभी जांच पड़ताल की जा रही है।