संजीव शर्मा
देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट आयी है लेकिन अभी और अधिक संभल कर चलने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ावा दे सकती है। कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी को देखते हुए सरकार चरणबद्ध तरीके से अनलॉक की प्रक्रिया लागू कर रही है। इसी कड़ी में, आज से भारत में अनलॉक 6.0 की शुरुआत हो रही है।
गृह मंत्रालय ने कही थी ये बातें
इस सप्ताह की शुरुआत में, गृह मंत्रालय ने कहा था कि अनलॉक में अब कोई और ढील नहीं दी जाएगी और पिछले महीने जारी किए गए अनलॉक 5.0 दिशानिर्देश 30 नवंबर तक लागू रहेंगे। बतादें अनलॉक 1 की प्रक्रिया की शुरुआत एक जून से हुई थी। इसके बाद हर अनलॉक में सख्त मानक संचालन के साथ रेस्तरां, सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, स्कूल, स्विमिंग पूल, धार्मिक स्थान और मेट्रो रेल सेवाओं की गतिविधियों को दिशानिर्देशों के साथ खोलने की अनुमति दी गई।
आज से दिल्ली की बसें चलेगी पूरी क्षमता से
अब राजधानी दिल्ली में आज से यानि एक नवंबर से दिल्ली की बसें अपनी पूरी क्षमता के साथ चलेगी, अभी तक बस में केवल 20 सवारी ही बैठाने की अनुमति थी। वहीं पश्चिम रेलवे मुंबई में अतिरिक्त लोकल ट्रेनों का संचालन करेगी।
इन राज्यों में शुरू होंगी ये गतिविधियां
गोवा में कसिनो खोलें जाएंगे, उत्तर प्रदेश में दुधवा टाइगर रिजर्व पार्क पर्यटकों के लिए खुलेगा, असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान हाथी सफारी और जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर दर्शनों के लिए खुलेगा। इस बार अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी।