नवीन चौहान.
जनपद में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो स्टोन क्रेशन सीज करते हुए उन पर लाखों रूपये का जुर्माना भी लगाने की कार्रवाई की है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा है।
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से अवैध खनन की सूचना मिल रही थी। जिसके संदर्भ में जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय द्वारा राजस्व एवं खनन विभाग को कड़ी कार्यवाही के निर्देश जारी किये।
जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज हरिद्वार जनपद के तहसील भगवानपुर में उपजिलाधिकारी विजेश तिवारी, राजस्व एवं खान विभाग रवि नेगी के संयुक्त दल द्वारा प्राप्त शिकायतों के दृष्टिगत कड़ी कार्यवाही की गई।
खान विभाग द्वारा 3 क्रेशरों पर कार्यवाही की गई, जिसमें से 2 क्रेशरों क्रमश: सिद्धान्त एवम खालसा क्रेशर पर अवैध भंडारण पाए जाने पर सीज किया गया, साथ ही लाखों रूपये का जुर्माना भी लगा दिया गया।
उक्त के अतिरिक्त मोहनरो नदी में गढ़वाल मंडल निगम के राजस्व चुगान लॉट (पट्टाधारक-लक्ष्मी कॉन्ट्रेक्ट) का भी औचक निरीक्षण किया। चुगान लॉट में भारी अनिमितता पाए जाने पर संबधित को भी कड़ी चेतावनी का नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा 2 ट्राली व 1 HM सीज कर थाने में सुपुर्द किये गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा है। बताया जा रहा है कि प्रशासन की यह कार्रवाई जारी रहेगी।