नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही युवती का अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल








Listen to this article

योगेश शर्मा.
सीएचसी में नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही युवती को एक जूनियर ने धमकी देकर शादी का दबाव बनाया और उसका चाकू की नोंक पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। यही नहीं आरोपी ने धमकी देकर युवती को निजी अंग पर ब्लेड से वार करने पर मजबूर किया। मामला सामने आने पर माल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक थाना माल क्षेत्र के एक गांव की युवती बिजनौर के इंस्टीट्यूट से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। इसी कॉलेज में माल के भवानीपुर गदहों का आवेंद्र सोनवानी भी कोर्स कर रहा है। जूनियर होने के बाद भी उसने युवती से दोस्ती कर ली। छात्रा माल सीएचसी में नर्स का प्रशिक्षण ले रही थी। नर्स का पीछा करते हुए अरोपी आवेंद्र लगातार सीएचसी आने-जाने लगा।

उसने एक दिन युवती को मोबाइल कार कॉल कर धमकी दी और कहा कि यदि वह जैसा कहता है वैसा नहीं करा तो उसके मां बाप को जान से मार देगा। आरोप है कि आवेंद्र लगातार उसे व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करता और धमकी देता कि यदि किसी को इसके बारे में बताया तो अंजाम खतरनाक होगा।

आरोप है कि शादी का दबाव बनाने के लिए आरोपी ने चाकू की नोंक पर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो को वह सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मनमानी करने लगा। एक दिन आरोपी ने वीडियो कॉल कर कहा, शादी नहीं की तो वह उसे मारकर खुद को गोली मार लेगा। इसके बाद युवती से खुद ब्लेड से निजी अंग पर वार करने के लिए कहा। आवेंद्र ने इसे रिकॉर्ड भी कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर आवेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है, युवती का मजिस्ट्रियल बयान दर्ज कराया जाएगा।