नवीन चौहान.
उधमसिंह नगर पुलिस ने महिला की हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त के महिला से अवैध संबंध थे, लेकिन उसे शक था उसकी प्रेमिका किसी ओर से भी बात करती है। इसी बात को लेकर उसने महिला के सिर पर डंडे से वार कर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 1 मार्च को थाना खटीमा पुलिस को सूचना दी गई कि गांव श्रीपुर बिछवा (गोठ) में एक महिला अपने ही घर में घायल अवस्था में बिस्तर पर पड़ी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक खटीमा ने घटना की जांच और खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया और स्वयं भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर श्रीपुर बिछवा में जंगल किनारे स्थित कच्चे मकान के अन्दर एक महिला चारपाई पर चित अवस्था में पडी थी। जिसकी शिनाख्त वहां पर मौजूद ग्राम वासियो द्वारा माया देवी पत्नी छोटू सिंह उम्र 38 वर्ष के रुप में की गई।
महिला की प्रारम्भिक जांच उ0नि0 रुबी मौर्या द्वारा मौजूद महिला ग्राम वासियों की सहायता से वीडियो ग्राफी में की गयी तो उपरोक्त महिला के सिर पर खुली चोटे पाई गयी, महिला मृत अवस्था में पाई गयी। जानकारी प्राप्त होने पर ज्ञात हुआ कि उपरोक्त महिला अपने घर पर अकेली रहती थी तथा इसका पति छोटू सिह पुत्र सुखराम सिह अल्मोडा में मजदूरी का काम करता है। मृतका के परिजनों को घटना के बारे में सूचना दी गई और शव को कब्जे में लिया गया।
मौका मुआयना उच्चाधिकारियो के आदेशानुसार फारेन्सिक टीम द्वारा किया गया तथा फारेन्सिक टीम द्वारा भी अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को एकत्र किया गया। पुलिस के मुताबिक 3 मार्च को मृतका के पति छोटू सिंह की तहरीर के आधार पर श्याम सिंह राणा पुत्र जागन सिंह निवासी ग्राम कुमराह खटीमा के खिलाफ तहरीर दी गई। जिसमें बताया गया कि श्याम सिंह राणा उसकी गैर मोजूदगी में घर में उसकी पत्नी के पास आता जाता था।
जांच के दौरान पूछताछ व साक्ष्य संकलन के आधार पर उपरोक्त घटना के अनावरण हेतु टीमो का गठन कर नामजद अभियुक्त श्याम सिंह राणा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल, व अभियुक्त के द्वारा घटना के दिन पहने खून से सने वस्त्रों को बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त श्याम सिह राणा द्वारा अपने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि अभियुक्त श्याम सिंह राणा और माया देवी के मध्य काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था तथा कुछ समय से माया देवी किसी अन्य व्यक्ति से भी बात करने लगी थी। उसने माया देवी को समझाया भी था किन्तु वह लगातार अन्य व्यक्तियो से भी सम्पर्क रखे हुए थी। इसी की रंजिश व गुस्से में अभियुक्त श्याम सिह द्वारा दिनांक 01-03-2024 को शराब के नशे में माया देवी की डण्डे से पीटकर हत्या कर दी।