उत्तराखंड में बड़ा प्रशा​सनिक फेरबदल, 13 आईएएस और 17 आईपीएस के कार्यक्षेत्रों में बदलाव




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 13 आईएएस, एक आईपीएस, दो पीसीएस, दो सचिवालय सेवा के अफसरों के प्रभार बदल दिए हैं। तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किये गए हैं।

कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्रमुख सचिव एल फैनई को आबकारी विभाग भी सौंप दिया गया है। उनके पुराने विभाग यथावत रहेंगे। सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग हटा दिया गया है। बाकी निर्वाचन, जलागम देखते रहेंगे। आईएएस रणजीत सिंह से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें सचिव आयुष शिक्षा बनाया गया है।

आईएएस बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी हटाकर उन्हें खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस डॉ. आर राजेश कुमार को उनके पूर्व के विभागों के साथ अब औद्योगिक विकास, खनन और आबकारी भी सौंपा गया है। आईएएस युगल किशोर पंत अपने पूर्व विभागों के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग भी देखेंगे।

आईएएस रंजना राजगुरु से आयुष विभाग हटाकर उन्हें नियोजन की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी हटा दी गई है। आईएएस रीना जोशी को अब श्रम विभाग भी सौंपा गया है। अपर सचिव विनीत कुमार से श्रम हटाकर जलागम व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया है। अपर सचिव मनुज गोयल अब वित्त भी देखेंगे।

अपर सचिव मेहरबान बिष्ट से सहकारिता हटाकर उन्हें गृह विभाग दिया गया है। अपर सचिव अभिनव शाह को वर्तमान दायित्व के साथ सहकारिता दिया गया है। बाध्य प्रतीक्षा में चल रहे पीसीएस बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास बनाया गया है। पीसीएस इलागिरी से दुग्ध विकास हटाकर उन्हें अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।

सचिवालय सेवा के अपर सचिव विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटाया गया है। सचिवालय प्रशासन देखते रहेंगे। सचिवालय सेवा से अपर सचिव महिमा रौंकली को वन विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। सूत्रों की मानें तो अभी कुछ और फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।