न्यूज 127, मेरठ (जोजो) :
जनपद मेरठ के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने थाना सरधना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा सरधना स्थित प्रसिद्ध चर्च में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों का जायजा लिया।

मेले के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, इसके लिए दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने चर्च परिसर और पूरे मेला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर लाइव मॉनिटरिंग और निगरानी व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सीसीटीवी के माध्यम से चारों ओर सतर्क निगरानी के निर्देश दिये।

मेले में आने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट), सुचारु यातायात संचालन और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखने और कार्रवाई के निर्देश दिये।

शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मेला संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।


