PCS प्रारंभिक परीक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, SP कमलेश उपाध्याय ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण




Listen to this article

अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच, CCTV से निगरानी और LIU-SOG की टीमें सक्रिय, नकल व अवांछित गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

News127उत्तरकाशी, 29 नवंबर। राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मेटल डिटेक्टर से जांच, CCTV से निगरानी

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से सघन जांच और फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसके अलावा जनपद की LIU और SOG टीमें सक्रिय रहकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। परीक्षा केंद्रों में CCTV कैमरों और अन्य निगरानी उपकरणों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर

परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें, झूठी सूचनाएं और अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस सतर्क निगरानी रख रही है। पुलिस का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखना है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जगदीश पंत, निरीक्षक LIU विकास नौटियाल, कोतवाली प्रभारी दीपक नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।