80 किलो गोमांस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक से कर रहे थे सप्लाई




Listen to this article

80 किलो गोमांस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक से कर रहे थे सप्लाई

News127, हरिद्वार।
गौकशी और गोमांस के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पथरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से गोमांस की सप्लाई करने जा रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 80 किलोग्राम गोमांस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में गौकशी और गोमांस के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 29 नवंबर को फेरूपुर चौकी पुलिस की टीम दोगीवाला रोड स्थित ट्यूबवेल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 80 किलोग्राम गोमांस बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपितों के पास से दो छुरियां, एक कुल्हाड़ी, तराजू, बाट सहित गोकशी और गोमांस की बिक्री में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए। पूछताछ में आरोपितों ने जंगल के सुनसान इलाकों में गोकशी कर गोमांस बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना पथरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर चालान कर दिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इरफान पुत्र शराफत निवासी धनपुरा, थाना पथरी और खुर्शीद पुत्र असगर निवासी घिस्सुपुरा, थाना पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौकशी और गोमांस के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।