पौड़ी हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं एक ही गांव की थीं निवासी
News127 हरिद्वार।
पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं के शव रविवार को हरिद्वार लाए गए, जहां चंडीघाट श्मशान घाट पर सभी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक ही गांव की सात महिलाओं की चिताएं एक साथ जलती देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। अपनों को अंतिम विदाई देते समय परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
हादसे में जान गंवाने वाली सभी सात महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार भी थीं। एक साथ सात महिलाओं की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हरिद्वार पहुंचे। जैसे ही सातों महिलाओं की अर्थियां चंडीघाट श्मशान घाट पहुंचीं, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घाट पर मौजूद लोगों ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया।
बताया गया कि सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। वे बैंक में बैणी भुली योजना का फॉर्म भरने के लिए गई थीं। आवश्यक काम निपटाने के बाद गांव लौटते समय उनकी इको वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी।
गौरतलब है कि 28 नवंबर को पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी से भंगलवाड़ गांव जा रही इको वैन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। मृतकों में सात महिलाएं शामिल थीं।
गांव में एक साथ इतने लोगों का अंतिम संस्कार करना संभव नहीं था। इसके चलते प्रशासन की मदद से सभी सात महिलाओं के शव हरिद्वार लाए गए। चंडीघाट श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
एक हादसे ने सात परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी टीस लंबे समय तक पूरे गांव को सालती रहेगी।


